बलरामपुर(अमर छत्तीसगढ) 18 जनवरी। छत्तीसगढ़ से झारखंड जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और 87 यात्री घायल हो गए हैं। हालांकि मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं इस हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने शोक जताया है।
सीएम साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर बलरामपुर के समीप भीषण दुर्घटना में हुई यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक की इस कठिन घड़ी में मैं दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करता हूं।दुर्घटना की सूचना मिलते ही बचाव एवं राहत कार्य प्रारंभ किया गया है। मौके पर प्रशासन की टीम उपस्थित है।

समन्वय के साथ राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। दुर्घटना में कुल 87 लोग घायल होने की सूचना है, जिनमें 27 घायलों का उपचार कार्मेल अस्पताल और 60 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल यात्रियों के आवश्यक उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से यात्रियों को लेकर सगाई कार्यक्रम में शामिल होने झारखंड जा रही थी। ओरसा घाटी के घुमावदार और ढलान वाले रास्ते पर पहुंचते ही बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आई हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

