एसईसीएल कर्मचारियों से बदमाशों ने की मारपीट : बस रोककर अंदर घुसे बदमाश, कर्मचारी को बेरहमी से पीटा

एसईसीएल कर्मचारियों से बदमाशों ने की मारपीट : बस रोककर अंदर घुसे बदमाश, कर्मचारी को बेरहमी से पीटा

सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ) 20 जनवरी। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ड्यूटी से लौट रहे एसईसीएल कर्मचारियों से बदमाशों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुए इस घटनाक्रम ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, आमगांव एसईसीएल खदान से कर्मचारियों को लेकर बस वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाशों ने बस को रुकवाकर ड्राइवर से गाली-गलौज की।

इसके बाद वे बस में घुस गए और एक एसईसीएल कर्मचारी के साथ मारपीट की। घटना के दौरान बस के अंदर हुई मारपीट और विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया है।

वायरल वीडियो के बाद कर्मचारियों ने पुलिस से आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब वीडियो और गवाहों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Chhattisgarh