रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 20 जनवरी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कई राशन दुकानों में बीपीएल कोटे के चावल उपलब्ध नहीं है। इसके कारण बीपीएल कार्डधारकों को राशन दुकानों से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं, चावल नहीं मिलने का कारण छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) रायपुर के गुढ़ियारी एवं मंदिर हसौद में खपत के अनुसार बीपीएल चावल का स्टॉक की कमी होना है।
मिली जानकारी के अनुसार, जनवरी महीने में लगभग 20 हजार क्विंटल बीपीएल कोटे का चावल बांटा जाना है। लेकिन नान के गुढ़ियारी एवं मंदिर हसौद स्थित गोदाम में सिर्फ 7 हजार क्विंटल बीपीएल चावल का ही स्टॉक बचा है। इसके कारण राशन दुकानों में चावल का भंडारण नहीं हो रहा है। इसके विपरीत एपीएल चावल का स्टॉक लगातार भेजा जा रहा है।
कई दुकान संचालकों का कहना है कि भंडारण के लिए नान को डिमांड किए कई दिन हो चुके हैं। इसके बाद भी चावल का भंडारण नहीं किया जा रहा है। जबकि चालू माह को खत्म होने में सिर्फ 11 दिन ही शेष बचे हैं। इसमें भी दो दिन छुट्टी के चले जाएंगे।
इस तरह 9 दिनों में ही उन्हें शेष हितग्राहियों को चावल वितरण करना है। अगर समय पर चावल का भंडारण नहीं किया गया तो कई हितग्राहियों को इस महीने चावल से वंचित भी होना पड़ सकता है। क्योंकि महीना खत्म होने के बाद उस माह का राशन बांटने का ऑप्शन ही साफ्टवेयर में नहीं हैं।

