रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 21 जनवरी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के जघन्य मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 65 वर्षीय आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के अवैध घर और दुकान को ध्वस्त कर दिया। आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने लगातार पांच दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया था।
घटना के उजागर होने के बाद जहां पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं नगर निगम और जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर चलाकर कड़ा संदेश दिया है।
आरोपी स्थानीय मोहल्ले में चूड़ी और छोटी-मोटी वस्तुएँ बेचने का काम करता था। उसकी दुकान पर चॉकलेट, नड्डा और मुर्रा भी उपलब्ध रहते थे जिनका लालच देकर वह बच्ची को अपनी दुकान और घर की ओर खींचता था। बच्ची जब भी वहां जाती, आरोपी उसे लालच देकर अपने घर ले जाता और वहां उसके साथ लगातार पांच दिनों तक दुष्कर्म करता रहा।
यह अमानवीय कृत्य 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच चलता रहा, जिसका बच्ची ने किसी से खुलकर जिक्र नहीं किया, लेकिन फिर बच्ची ने नहाते समय अपनी चाची को दर्द होने की बात बताई।
सिविल लाइन पुलिस ने बच्ची के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
घटना के सार्वजनिक होने के बाद रायपुर नगर निगम ने आरोपी के घर और दुकान की भौतिक जांच की। निरीक्षण में पता चला कि आरोपी द्वारा नगर निगम के नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध निर्माण किया गया था। इसके बाद निगम की टीम ने नियमानुसार सात दिन पूर्व नोटिस जारी कर दिया, जिसे आरोपी के घर पर चस्पा भी किया गया था।
नोटिस की अवधि समाप्त होते ही आज नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया और पूरी संरचना को जमींदोज कर दिया। यह कार्रवाई लगभग एक घंटे तक चली और आसपास के रहवासियों की भीड़ ने इसे देखा।

