रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 2 फरवरी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब किनारे पार्किंग शुल्क को लेकर उठे विवाद के बाद नगर निगम ने फिलहाल कदम पीछे खींच लिए हैं। PWD की सड़क पर पार्किंग शुल्क तय कर निगम के लगाए गए बोर्ड के बाद लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई थी। अब महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि, फिलहाल पार्किंग शुल्क नहीं लगाया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे ने स्वीकार किया कि, सड़क पर खड़ी गाड़ियों से पार्किंग शुल्क वसूलना व्यावहारिक नहीं है। निगम के पास तेलीबांधा तालाब के आसपास ऐसी कोई निर्धारित जगह नहीं है, जहां वाहन व्यवस्थित रूप से पार्क किए जा सकें। इसी वजह से अगले 15 दिनों तक तालाब किनारे बैठने और घूमने आने वालों की मॉनिटरिंग की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि, तालाब की दूसरी ओर सड़क किनारे बड़े कॉमर्शियल संस्थान हैं, जहां आने वाले लोग अपने वाहन तालाब की ओर खड़े कर देते हैं। जिससे अव्यवस्था होती है। इस पर नियंत्रण का अधिकार नगर निगम के पास नहीं, बल्कि यातायात पुलिस के पास है। इस कारण निगम पुलिस प्रशासन के साथ बैठक कर व्यवस्था बनाने पर विचार करेगा।

