राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 9 फरवरी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव आज दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां वे अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। माता बमलेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद, उनके साथ खैरागढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, और बालोद जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ट्रेन द्वारा डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए प्रस्थान किए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्टी संगठन को मतदान केंद्र स्तर तक मजबूत करने, कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी मंचों पर मजबूती से उठाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 10 फरवरी 2026, मंगलवार को प्रातः 10:30 बजे, इंदिरा भवन, कोटला मार्ग, नई दिल्ली में एक दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
इसके बाद अगामी दिनों में नव-नियुक्त अध्यक्षों के लिए विस्तृत आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि अंतिम रूप से निर्धारित होना शेष है।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र में कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी की अध्यक्षता में तथा नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के मार्गदर्शन में नव-नियुक्त अध्यक्षों को संगठनात्मक मजबूती, जनसंवाद, आंदोलन की रणनीति और वर्तमान राजनीतिक चुनौतियों का गहन मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी नेतृत्व और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की क्षमता प्रदान करेगा।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व एकदिवसीय प्रशिक्षण को लेकर जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि यह प्रशिक्षण संगठनात्मक जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने का अवसर प्रदान करेगा और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, नीतियों तथा जनता के हित के मुद्दों को मजबूती के साथ जनता तक पहुँचाने में अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

