नक्सल स्मारकों पर एक्शन : सुरक्षाबलों ने 6 नक्सली स्मारकों को किया ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद

नक्सल स्मारकों पर एक्शन : सुरक्षाबलों ने 6 नक्सली स्मारकों को किया ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद

बीजापुर(अमर छत्तीसगढ) 14 फरवरी। जिले में 13 फरवरी को सुरक्षा बलों ने थाना मोदकपाल और थाना उसूर क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के 6 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया है। वहीं, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार संबंधी उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की है।

अभियान के दौरान पुलिस–जन संवाद को सुदृढ़ करने एवं ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु मौके पर चलित थाना भी लगाया गया।

इसमें ग्रामीणों की शिकायतें और मांगें सुनी गईं और तत्काल समाधान के प्रयास किए गए। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अगली कार्रवाई में उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला हिल्स एरिया में CRPF 196 और कोबरा 204 की संयुक्त टीम ने भी नक्सल अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम एवं पॉलिथिन में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, राशन एवं अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री में 13 नग डेटोनेटर, 11 किलोग्राम गन पाउडर, 4 प्लास्टिक ड्रम, 2 स्टील ड्रम, 2 लोहे के ड्रम, माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट एवं माओवादी साहित्य शामिल हैं।

Chhattisgarh