एक्शन में वन विभाग : तस्करों द्वारा अवैध रूप से काटी गई यूकेलिप्टस लकड़ी समेत ट्रक को वन विभाग ने किया जब्त

एक्शन में वन विभाग : तस्करों द्वारा अवैध रूप से काटी गई यूकेलिप्टस लकड़ी समेत ट्रक को वन विभाग ने किया जब्त

सीतापुर(अमर छत्तीसगढ) 15 फरवरी। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्करों द्वारा बिना अनुमति काटी गई लकड़ी समेत ट्रक को मुखबिर की सूचना पर वन विभाग ने जब्त कर लिया है। जब्त वाहन में भारी मात्रा में नीलगिरी प्रजाति की लकड़ी लोड थी।

जिसे अंतर्राज्यीय तस्कर यूपी ले जाकर खपाने की तैयारी में थे। इससे पहले की वो अपने मंसूबे में कामयाब हो पाते वन विभाग ने लकड़ी समेत ट्रक को जब्त करते हुए अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग की इस कार्यवाही से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

विदित हो कि विगत लंबे समय से क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध रूप से नीलगिरी आम खम्हार आदि प्रजाति के पेड़ों की कटाई जोरो पर है। यूपी समेत अन्य प्रांतों से आये लकड़ी तस्कर धड़ल्ले से क्षेत्र में अपने मंसूबो को अंजाम दे रहे है।

क्षेत्र में अपनी पैठ बना चुके अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर गांव के भोले भाले ग्रामीणों को अपने झांसे में लेकर औने पौने दाम पर पेड़ खरीदते हैं।

जिसके बाद बिना किसी अनुमति के उसकी कटाई करते हुए उसे यूपी बिहार बंगाल ले जाकर खपाते है। जहाँ इन लकड़ी तस्करों को लकड़ी के बदले मुंहमांगी कीमत मिलती है।

लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्कर स्थानीय दलालों की मदद से राजनीति संरक्षण भी प्राप्त कर लेते है जो इनके रास्ते में आने वाली हर तरह की बाधाओं को दूर करते है।

यही वजह है कि क्षेत्र में अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर लंबे समय से डटे हुए है और बेखौफ होकर बिना अनुमति लकड़ी कटाई कर रहे है। जबकि लकड़ी कटाई के लिए शासन द्वारा कुछ नियम बनाये गए हैं जिसे पूरा करना अनिवार्य है।

शासन द्वारा बनाये गए नियमो के लिए एक लंबी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है जिसमे काफी वक्त लग जाता है। लेकिन राजनीति संरक्षण प्राप्त अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर शासन के सारे नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से क्षेत्र में लकड़ी कटाई कर रहे है।

इसका प्रत्यक्ष उदाहरण विगत दिनों मुखबिर की सूचना पर वन विभाग द्वारा पकड़ा गया ट्रक है। इस ट्रक में नीलगिरी प्रजाति का पेड़ लोड था जिसे तस्करों ने बिना अनुमति के काटा था।

अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर इस लकड़ी को ट्रक क्र-UP 62 BT 8461 में लाद कर यूपी ले जाकर खपाने की तैयारी में थे। तभी मुखबिर की सूचना पर वन विभाग ने ग्राम चलता से अवैध लकड़ी समेत ट्रक जब्त कर लिया। ट्रक में लगभग 30 टन नीलगिरी प्रजाति की लकड़ी लोड है जिसकी कीमत अंतर्राज्यीय बाजार में लाखों रुपए बताई जा रही है।

इस मामले में वन विभाग ने चालक अकमल आ असलम उम्र 27 वर्ष निवासी अहमदपुरा असरौली प्रयागराज समेत जब्त लकड़ी के विरुद्ध वन अधिनियम की धारा 52(1),33(1),41 समेत अन्य धाराओं के तहत कार्यवाही की है।

इस कार्यवाही में रेंजर विजय कुमार तिवारी रमेश मंडावी राजेश यादव त्रिभुवन सिंह राजू बेक जुवेल बरवा अविनाश किंडो शामिल थे।

Chhattisgarh