खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत दुकानों का औचक निरीक्षण

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत दुकानों का औचक निरीक्षण


राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 26 फरवरी 2026। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के साथ डोंगरगढ़ एवं डोंगरगांव विकासखंड के विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

टीम द्वारा क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाई, घी, पनीर, नमकीन, आटा, मैदा, बेसन, सूजी, बेकरी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 125 नमूने संकलित किये गए और चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर जांच की गई, जिनमें से 118 नमूने मानक एवं 5 नमूने अवमानक पाए गए।


साथ ही नागरिकों से आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों को खरीदते समय विश्वसनीय एवं पंजीकृत दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदीने का आग्रह किया गया है। कोई भी खाद्य सामग्री खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल (रसीद) अवश्य लें।

शिकायत दर्ज कराने की स्थिति में यह बिल अत्यंत आवश्यक होता है। अत्यधिक चमकीले और गहरे रंग वाली मिठाइयों में अखाद्य रंगों का उपयोग किया जा सकता है, नागरिक इन मिठाइयों का उपयोग नहीं करें।

प्राकृतिक रंगों से बनी मिठाइयों को प्राथमिकता दें। पैकेट बंद खाद्य पदार्थों, नमकीन एवं पेय पदार्थों को खरीदते समय उन पर अंकित निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, एफएसएसएआई नंबर अवश्य जांचे। साफ-सफाई का अभाव वाले प्रतिष्ठानों से मिठाइयां या खाद्य पदार्थ नहीं खरीदे।

किसी भी प्रतिष्ठान पर मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री बेचे जाने का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग हेल्पलाइन 9340597097 पर सूचना अवश्य दें।

Chhattisgarh