UPSC का फाइनल रिजल्ट जारी : रायपुर की वैभवी अग्रवाल, MCB दर्शना सिंह बघेल और डायमंड सिंह ध्रुव ने बनाई जगह

UPSC का फाइनल रिजल्ट जारी : रायपुर की वैभवी अग्रवाल, MCB दर्शना सिंह बघेल और डायमंड सिंह ध्रुव ने बनाई जगह

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 6 मार्च । UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट हो गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ के तीन युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। इनमें राजधानी रायपुर की वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल और डायमंड सिंह ध्रुव के नाम शामिल हैं।

रायपुर के गुढ़ियारी की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने ऑल इंडिया 35वीं रैंक हासिल की है। यह यह उनका तीसरा प्रयास था। पहले दो प्रयासों में उन्हें असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार सफलता हासिल कर ली। रिजल्ट आने के बाद वैभवी अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन करने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि बचपन से उनका सपना समाज सेवा करना था।

वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह बघेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 383 वीं रैंक हासिल की है। पिछले साल भी दर्शना सिंह ने प्री और मेंस निकाल लिया था, लेकिन इंटरव्यू में उनका चयन नहीं हो सका। दूसरे प्रयास में उन्होंने 383वां रैंक हासिल किया है। दर्शना सिंह के पिता अरुण सिंह बघेल पेशे से किसान हैं। वे सोसाइटियों का संचालन भी करते हैं। दर्शना सिंह की मां सीमा सिंह जनकपुर नगर पंचायत की पार्षद हैं।

धमतरी जिले के ग्राम परसवानी के रहने वाले डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव ने भी UPSC में 623वीं रैंक हासिल की है। वे छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने लगातार यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और अब इस परीक्षा में सफलता हासिल की है। माना जा रहा है कि इस रैंक के आधार पर उनका चयन आईपीएस के लिए हो सकता है।

इन सभी के अलावा रायपुर के रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया का भी चयन हुआ है। यूपीएससी के रिजल्ट के बाद पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और सफल अभ्यर्थियों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

Chhattisgarh