राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 7 मार्च । पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की संभागीय कार्यशाला शनिवार को राजनांदगांव में आयोजित हुई। राजनांदगांव विधानसभा के ग्राम ठेकवा स्थित सचिता लॉन में आयोजित इस कार्यशाला में दुर्ग संभाग के 8 जिले के लगभग डेढ़ सौ अपेक्षित पदाधिकारी शामिल हुए। चार सत्र में आयोजित
इस कार्यशाला में संगठन, सरकार और चुनावी रणनीति पर मंथन करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विकास, विचारधारा, नमो एप, सोशल मीडिया और एआई आधारित सरल एप के जरिये कार्यकर्ता तंत्र को तकनीकी रूप से सशक्त कर राष्ट्र के समक्ष उभरती चुनौतियों से निपटने की व्यापक रणनीति तैयार की गई। प्रथम यानी उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सत्र अध्यक्ष यशवंत जैन जी ने कहा कि प्रशिक्षण सतत प्रक्रिया है, जिससे कार्यकर्ताओं का बौद्धिक और वैचारिक विकास होता है।
प्रथम सत्र की अध्यक्षता डॉ अवधेश जैन प्रदेश संयोजक प्रशिक्षण विभाग भाजपा ने की। श्री जैन ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी।
इस कार्यशाला के दूसरे चरण में प्रेम प्रकाश पांडे ने वैचारिक अधिष्ठान, संदीप शर्मा अध्यक्ष खाद्य आयोग ने इतिहास एवं विकास, जगन्नाथ पाणिग्रही प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष ने कार्य विस्तार की दृष्टि विषय पर प्रशिक्षण दिया।
इसी तरह नवाचार के विषय सोशल मीडिया, एआई विषय पर सोमेश पांडे पूर्व प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया ने वक्ताओं को प्रशिक्षित किया। इसके अलावा प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने सरकार की उपलब्धियां एवं क्रियान्वयन विषय पर ट्रेनिंग दी। वर्कशॉप में बूथ प्रबंधन पर सांसद संतोष पांडे ने संभाग के वक्ताओं को प्रशिक्षण दिया।

समापन सत्र में नंदन जैन प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा ने शिरकत की। यह सत्र जिज्ञासा और समाधान विषय पर आधारित रहा। कार्यशाला का शुभारंभ मां भारती के सामने दीप प्रज्ज्वलन और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यशाला की प्रस्तावना जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने रखी।

