ज्वेलरी दुकान में चोरी : हार खरीदने के बहाने पार किए गहने, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

ज्वेलरी दुकान में चोरी : हार खरीदने के बहाने पार किए गहने, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 14 मार्च । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था।

दुकान में जेवर देखने के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली।

इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर गई और सहेली को बुलाकर लाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई।

महिला के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया।

पूछताछ के दौरान युवक भी मौका देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। प्रार्थी की शिकायत पर टिकरापारा थाने में मामला दर्ज किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला आरोपी का पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने दुर्ग शहर से महिला आरोपी को चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार किया।

Chhattisgarh