रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 17 मार्च । छत्तीसगढ़ विधानसभा में सीएम विष्णुदेव साय के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा जारी है। अनुदान मांगों पर किए गए सवालों का जवाब देते हुए सीएम श्री साय ने कहा कि, मुझे कांग्रेस के कुशासन के 5 सालों की याद आती है। ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस ने अपने लोगों के साथ भी न्याय नहीं किया। कांग्रेस की योजनाएं कागजों पर बनी, कागजों में ही सिमट कर रह गई। नरवा, गरवा, घुरुवा, बारी का क्या हुआ जनता अच्छे से जानती है। गौठानों में आम जनता की कितनी राशि फूंक दी गई सब जानते हैं।
हम लोग गौठानों में गौमाता की दुर्दशा देखते थे तो खून के आंसू आ जाते थे। कांग्रेस सरकार में शराब के दो काउंटर चल कर रखे थे। एक कांग्रेस का एटीएम था और दूसरा पैसा उनकी जेब में जाता था।
अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान उन्होंने आगे कहा कि, इनकी सरकार में आबकारी विभाग का राजस्व 5 हजार 100 करोड़ था, हमारी सरकार में 11 हजार करोड़ है। युवाओं के साथ जघन्य अपराध हुआ है। मार्च महीने तक माओवादी आतंकवाद के अंत का लक्ष्य रखा है।
पिछले सप्ताह बड़ी संख्या में माओवादियों हथियार छोड़ा। बहादुर जवानों और प्रदेश के लोगों के विश्वास से लोगों के आतंक को खत्म किया है।
सीएम श्री साय ने आगे कहा कि, पिछली सरकार में करोड़ों रुपए का व्यारा- न्यारा किया। खनिज राजस्व के आंकड़े पिछली सरकार की गवाही देते हैं. कांग्रेस की सरकार ने ट्रांजिट पास में छेड़छाड़ कर पैसा कमाया।
DMF के काम के लिए कलेक्टर के पास फोन जाते थे। अब बंदरबाट के नए नए खुलासे सामने आ रहे हैं। DMF में अब सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। खनिज के साथ पर्यावरण के संरक्षण की प्राथमिकता पर काम हो रहा है।

