दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 19 मार्च । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रसमडा स्थित बोरई इंडस्ट्रियल एरिया में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कुल 599 नग एलपीजी गैस सिलेंडर और करीब 2840 किलोग्राम एलपीजी गैस जब्त किया है।
खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि पापुशा गैसेस प्राइवेट लिमिटेड में गैस से जुड़ी अनियमितताएं और अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं. सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कुल 599 नग एलपीजी गैस सिलेंडर और करीब 2840 किलोग्राम एलपीजी गैस मिले।
जांच में यह भी पाया गया कि कॉन्फिडेंस पेट्रोलियम इंडिया लिमिटेड के गो गैस और गैस प्वाइंट ब्रांड नाम से सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही थी। मौके पर रिफिलिंग के लिए तीन बुलेट टैंक भी मिले, जिससे अवैध गैस भराई की आशंका और मजबूत हो गई।
वहीं खाद्य नियंत्रक अनुराग सिंह ने बताया कि गैस की सप्लाई अतुल रबर नाम की कंपनी को की जाती है, लेकिन जब उनसे संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद खाद्य विभाग ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

