जांजगीर-चांपा(अमर छत्तीसगढ़) 20 मार्च । छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CSEB के ग्रामीण जोन कार्यालय में छापेमार कार्रवाई की। टीम ने घूसखोरी के मामले में (जूनियर इंजीनियर) JE, (असिस्टेंट इंजीनियर) AE और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ACB की टीम ने CSEB (छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड) ग्रामीण जोन कार्यालय में दबिश देकर 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए तीन कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जेई राजेंद्र शुक्ला, एई विजय नोरगे और एक कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं।
आपको बता दें कि, आरोपियों द्वारा हाई टेंशन लाइन विस्तार के काम के एवज में आवेदक से रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपियों को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान ACB टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

