बिलासपुर में बदमाशों के हौसलें बुलंद : स्कूटी सवार महिला के गले से दो बाइक सवारों ने की चेन स्नैचिंग

बिलासपुर में बदमाशों के हौसलें बुलंद : स्कूटी सवार महिला के गले से दो बाइक सवारों ने की चेन स्नैचिंग

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 24 मार्च । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के देवरीखुर्द इलाके में सोमवार शाम स्कूटी सवार महिला के गले से दो बाइक सवार युवक सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का पता नहीं चल सका। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी अपने परिचित के साथ देवरीखुर्द गदा चौक गई थीं। काम खत्म होने के बाद वह स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और मस्तूरी की ओर भाग निकले। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही दोनों फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मस्तूरी, मल्हार और तोरवा थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी आरोपी स्पष्ट नजर नहीं आए हैं। फिलहाल पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

देवरीखुर्द निवासी श्रद्धा बाई 21 मार्च को काम की तलाश में अग्रसेन चौक गई थीं। शाम को वह बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर घर लौट रही थीं। पावर हाउस के पास उतरने के दौरान एक नशे में धुत व्यक्ति भी बैग लेकर उतर गया।

घर पहुंचने पर युवती को पता चला कि उसका बैग ऑटो में ही गायब हो गया है। बैग में सोने-चांदी के जेवर रखे थे। युवती की शिकायत पर पुलिस ने दो दिन बाद सोमवार को मामला दर्ज किया है।

Chhattisgarh