रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोमिन पारा और बढ़ई पारा इलाके में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक से मोमिन पारा के लड़कों से टक्कर हो गई, जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए।

बढ़ई पारा के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीन युवकों का सिर फूट गया। इसके जवाब में दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के हमलावरों की तलाश कर रही है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग देर रात तक थाने में मौजूद रहे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस जवानों और अधिकारियों को तैनात किया गया। वहीं मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
इस पूरे मामले के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार रात से ही अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

