रायपुर(अमर छत्तीसगढ़)31 मार्च । नक्सलवाद के खात्मे पर छत्तीसगढ़ में जमकर सियासत हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में कहा कि, पांच साल कांग्रेस सरकार के दौरान सहयोग नहीं मिलने की बात कही।
जिस पर वीडियो जारी कर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को नक्सलवाद के मुद्दे पर बहस की चुनौती दी है।
दरअसल, नक्सलवाद पर जवाब देते हुए जब श्री शाह ने छत्तीसगढ़ में पांच साल कांग्रेस सरकार के दौरान सहयोग नहीं मिलने की बात कही। तब विपक्षी सांसदों ने टोका, इस पर आक्रामक तेवर दिखाते हुए उन्होंने कहा कि, मुझे किसी व्यक्ति को सामने नहीं करना है। वरना भूपेश बघेल को पूछो प्रूफ दूं क्या यहां पर। हां बोलें तो बोलो, वरना फंस जाओगे। 2023 में छत्तीसगढ़ में सरकार बदली और दूसरे ही महीने वहां मैं गया था। बीजेपी की सरकार ने पूरे सहयोग का आश्वासन दिया, तब 24 अगस्त 2024 को हमने यह ऐलान किया कि, 31 मार्च 2026 को हम नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त कर देंगे. अमित शाह ने 2014 के बाद उठाए गए कदम गिनाए और कहा कि कम्युनिकेशन की सारी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर दी गई।
भूपेश ने खुली बहस की दी चुनौती
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि, समय और जगह तय कर लें, मैं बहस के लिए तैयार हूं। लोकसभा में अमित शाह ने झूठ बोला। कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार की पूरी मदद की। उन्हें देश और प्रदेश को गुमराह नहीं करना चाहिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। बस्तर के आदिवासियों को आर्थिक रूप से मजबूत हमने किया। अमित शाह बताएं कि, बस्तर के प्रत्येक गांव को एक करोड़ रूपया कब देंगे।

