जग्गी हत्याकांड पर सीएम साय का बड़ा फैसला : मुख्यमंत्री ने फैसले का किया स्वागत, बोले- अमित जोगी को सजा मिलना न्याय प्रक्रिया के अनुरूप

जग्गी हत्याकांड पर सीएम साय का बड़ा फैसला : मुख्यमंत्री ने फैसले का किया स्वागत, बोले- अमित जोगी को सजा मिलना न्याय प्रक्रिया के अनुरूप

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 6 अप्रैल । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 23 साल पुराने बहुचर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड पर आए हाईकोर्ट के फैसले को ‘स्वागत योग्य’ बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी होने के बाद भी निचली अदालत से बरी हो जाना न्याय प्रक्रिया के अनुरूप नहीं था, इसलिए हाईकोर्ट का निर्णय संतोषजनक है।

CM साय ने कहा कि इस मामले में न्याय मिलने में लंबा समय जरूर लगा, लेकिन हाईकोर्ट का फैसला यह साबित करता है कि न्यायिक व्यवस्था सबके लिए समान है। उनके अनुसार फैसला देर से आया, लेकिन दुरुस्त आया।

हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को किया रद्द

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की डिविजन बेंच ने निचली अदालत द्वारा दिए गए बरी के फैसले को रद्द कर दिया है। उपलब्ध सबूतों के आधार पर कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

हाईकोर्ट ने कहा कि जांच और गवाहों के बयानों में स्पष्ट रूप से अमित जोगी की भूमिका सामने आती है। इसलिए उन्हें अन्य सह-आरोपियों की तरह दोषी मानते हुए कठोर दंड दिया जाना उचित है। अदालत ने कहा कि निचली अदालत का फैसला न्याय के मानकों के अनुरूप नहीं था।

Chhattisgarh