राजनांदगाँव(अमर छत्तीसगढ़) 14 अप्रैल। युगांतर पब्लिक स्कूल में प्री प्राइमरी के बच्चों के लिए बैसाखी पर्व का शानदार आयोजन संपन्न हुआ। विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर के मार्गदर्शन में बच्चों ने इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया। बच्चों ने अपनी शानदार गतिविधियों से पंजाब के गाँवों का खूबसूरत दृश्य प्रकट कर दिया।

उन्होंने अपने हाथों से रोटी बेली और फिर उसे चूल्हे में सेका। भांगड़ा नृत्य करके पंजाब की रंग बिरंगी संस्कृति को उजागर किया। उन्होंने नृत्य और गीत की ऐसी छटा बिखेरी कि सारा परिसर बाल सुलभ अट्टहास से परिपूर्ण हो गया।
ये नौनिहाल संस्कारयुक्त शिक्षा अर्जित करते हुए निरंतर विभिन्न राज्यों की संस्कृति से भी परिचित हो रहे हैं। पालकों में अपने बच्चों की इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों को देखकर उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

इस आयोजन को सफल बनाने में पीआरओ स्पोर्ट्स ऑफिसर दिनेश प्रताप सिंह, हैड मिस्ट्रेस विनिता तिलवानी सहित म्यूजिक, डांस, आर्ट, प्री प्राइमरी विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अमूल्य योगदान दिया।

