बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 18 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवक ने बीच सड़क में आत्मदाह की कोशिश की है। युवक ने पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीद कर खुद पर आग लगा ली, युवक 80% झुलस गया है।
आत्मदाह के कारण फ़िलहाल अज्ञात है। वहीं इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। युवक को गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार को ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल (28) ने दोपहर में अपने ही गांव के पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदा।
इसके बाद अपनी बुलेट से कुछ दूरी तक गया और सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। युवक को आग की लपटों में घिरा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को पहले CMC अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं इस मामले को लेकर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। युवक ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी वजह साफ नहीं हो सकी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

