आरंग(अमर छत्तीसगढ़) 18 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के आरंग में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खनिज विभाग की टीम ने शनिवार तड़के अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध बड़ी छापेमार कार्यवाही की।
ग्राम चिखली रेत खदान से 2 और कुरूद रेत खदान से 2 चैन माउंटेन (पोकलेन) मशीनें जब्त की गईं।मौके पर जांच में पाया गया कि, स्वीकृत सीमा क्षेत्र के बाहर और प्रतिबंधित रात्रिकालीन समय में उत्खनन किया जा रहा था।

प्रशासन ने कुल 4 मशीनों को जब्त कर सीलबंद किया तथा अवैध उत्खनन तत्काल प्रभाव से बंद कराया। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि, संबंधित पट्टेदारों एवं संलिप्त पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा खदानों का पुनः सीमांकन कराया जाएगा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य और आम आदमी पार्टी के नेता परमानंद जांगड़े द्वारा की गई शिकायतों में रात्रिकालीन उत्खनन, स्वीकृत सीमा से बाहर खनन, अवैध वसूली एवं बिना रॉयल्टी रेत भंडारण जैसे गंभीर आरोप शामिल थे, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई शिकायत भी सही पाई गई है।
खनिज अधिकारी राजेश मालवे ने बताया कि, जिले में अवैध उत्खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है।
रेत खदानों का पुनः सीमांकन कराया जाएगा तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। अवैध उत्खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

