एलएलएम कक्षाओं के लिए भूमिपूजन, खुलने जा रहा “लॉ हब ” का दरवाजा

एलएलएम कक्षाओं के लिए भूमिपूजन, खुलने जा रहा “लॉ हब ” का दरवाजा

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) , 20 अप्रैल । ” यथा नाम तथा गुणस्य ” को चरितार्थ करते हुए नांदगांव शिक्षा मंडल ने अपने शिक्षा जैसे यज्ञ में एक और पूर्णाहुति को संपन्न कर एल एल एम की कक्षाओं की शुरुआती बुनियाद रख दी । अब विधि की स्नातकोत्तर उपाधि के लिए विद्यार्थियों को कहीं और भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी ।

विधि महाविद्यालय में भूमि पूजन के लिए मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय , दुर्ग के कुलसचिव डॉ.भूपेंद्र कुलदीप ने नांदगांव शिक्षा मंडल द्वारा लिए गए संकल्प को विद्यार्थियों के लिए स्वर्णिम अवसर करार दिया ।

पंडित किशोरीलाल शुक्ल विधि महाविद्यालय की संचालन समिति नांदगांव शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश एच लाल ने एल एल एम की कक्षाओं के लिए भवन निर्माण के प्रारंभिक चरण भूमि पूजन को संस्था के संकल्प का आधार बताते हुए ” लॉ हब ” बनाने की दिशा बड़ा कदम बताया ।

उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही संस्था द्वारा उस दरवाजे को भी खोलने के मार्ग में कार्य किया जाएगा , जो विद्यार्थियों को सीधे बी ए .एल एल बी तथा बी कॉम. एल एल बी के इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम में प्रवेश दिला सकेगा ।

भूमि पूजन के उक्त गौरवशाली अवसर पर विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.निमिषा मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया ।

कार्यक्रम में विशेष रूप से संस्था के उपाध्यक्ष श्रीकिशन खंडेलवाल , सचिव अनिल वार्ष्णेय , संयुक्त सचिव उमेश अग्रवाल एवं प्रशासक डॉ. आर एन सिंह उपस्थित थे ।

भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिवक्ता जुगल किशोर , बिल्डर शेखर साहू , सुभाष हुंका , दीपक कोठारी , मुकेश बघेल ( अध्यक्ष जन भागीदारी समिति , स्टेट स्कूल ) शिवा चौबे , अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे एवं वार्ड पार्षद प्रमोद झिंझरे सहित गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई ।

Chhattisgarh