रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 21 अप्रैल । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद सख्ती बरती जा रही है।
जहां सेंट्रल जोन में वारंटियों के खिलाफ चल रहा अभियान इसका बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां पुलिस लगातार फरार आरोपियों पर शिकंजा कस रही है।
वहीं 159 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता के निर्देश पर चल रहे इस विशेष अभियान में पुलिस टीमों ने बीते दो हफ्तों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 159 वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
यह आंकड़ा बताता है कि किस तरह योजनाबद्ध तरीके से पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ा है। अगर सिर्फ इस हफ्ते की बात करें तो 38 गिरफ्तारी वारंट और 25 स्थायी वारंट तामील किए गए हैं।
वहीं पिछले हफ्ते भी 52 गिरफ्तारी वारंट और 44 स्थायी वारंट पूरे किए गए थे। इस तरह दो हफ्तों में 90 गिरफ्तारी और 69 स्थायी वारंट तामील करते हुए कुल 159 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस अभियान की खास बात यह रही कि इसमें कई ऐसे आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और जिनकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी।
अब इनकी गिरफ्तारी से न सिर्फ लंबित मामलों में तेजी आएगी, बल्कि शहर में अपराध नियंत्रण पर भी इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट सिस्टम के तहत मिली शक्तियों का प्रभावी उपयोग करते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साफ है कि रायपुर पुलिस अब एक्शन मोड में है और आने वाले समय में फरार आरोपियों के लिए बचना आसान नहीं होगा।

