कवर्धा(अमर छत्तीसगढ़) 4 मई । छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रविवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा पांडातराई पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत गड़ई गांव के पास, हाफ नदी के पुल के नजदीक हुआ। जब समय शादी समारोह से लौट रही एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर फोक नदी में जा गिरी।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडरिया स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।
पुलिस से जानकारी के मुताबिक, सभी युवक रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी थे और पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से लौटते समय देर रात यह हादसा हुआ। कार में कुल 6 लोग सवार थे।
मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है, जबकि घायल युवकों के नाम जुनैद रज़ा और आरज़ू खान बताए जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

