भिलाई(अमर छत्तीसगढ़) 4 मई । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध कब्जे पर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर मकान ध्वस्त कर दिया,
जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरैना निवासी किशोर चौहान उर्फ चेटा के खिलाफ नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन ग्राम पुरैना में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे थे। इस पर नगर निगम प्रशासन ने पहले ही नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

सोमवार 4 मई को नगर निगम और पुरानी भिलाई थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के तहत मकान में रखे सामान की विधिवत जब्ती कर पंचनामा तैयार किया गया, जिसके बाद बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने और शासकीय जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त संदेश देने के उद्देश्य से की गई है। इस पूरे अभियान में पुलिस और नगर निगम की अहम भूमिका रही।

