दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 6 मई । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाटन इलाके में दबिश दी।
यहां गुजरात और पंजाब के बीच चल रहे मैच पर दांव लगवा रहे चार सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई।एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी करन देवांगन, उत्तम निषाद, गोपाल निषाद और लोकेश यादव को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपियों ने उम्दा निवासी एडमिन कुलदीप बागड़े से 15-15 हजार रुपये में साइलेंट 777 ऐप की आईडी और लिंक खरीदी थी। इसी ऐप के माध्यम से वे पिछले 15 दिनों से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
मैच समाप्त होने के बाद जब आरोपी पैसों के लेनदेन और हिसाब-किताब के लिए पाटन के बाजार चौक पर इकट्ठा हुए, तभी एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 4 हाई-टेक स्मार्टफोन और नगद राशि बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरे नेटवर्क के मुख्य एडमिन कुलदीप बागड़े की तलाश जारी है, ताकि सट्टा सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

