पद्मश्री सम्मान प्राप्त महिला सुरक्षित नहीं… प्रदेश में दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण और मानव तस्करी जैसी घटनाएं बढ़ रही- महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा

पद्मश्री सम्मान प्राप्त महिला सुरक्षित नहीं… प्रदेश में दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण और मानव तस्करी जैसी घटनाएं बढ़ रही- महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 8 मई । प्रेस क्लब भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा ने पद्मश्री समाजसेवी श्रीमती फूलबासन बाई यादव के कथित अपहरण प्रयास को बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला बताया।

उन्होंने कहा कि यदि पद्मश्री सम्मान प्राप्त महिला सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश की आम महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने घोषणा की है कि अब पार्टी गुमशुदा महिलाओं और युवतियों के परिवारों तक सीधे पहुंचेगी।

क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक, महिला कांग्रेस एवं महिला संगठनों के पदाधिकारी घर-घर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और न्याय की लड़ाई को मजबूती देंगे।


पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। पार्टी का आरोप है कि प्रदेश में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण और मानव तस्करी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे महिलाओं और बेटियों में भय का वातावरण बन गया है। कांग्रेस ने कहा कि आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की स्थिति और अधिक चिंताजनक है।


प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा ने पद्मश्री फूलबासन बाई यादव अपहरण मामले में बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार टेंडर को लेकर अपहरण की साजिश रची गई थी।

उन्होंने कहा कि आखिर वह कौन-सा टेंडर था जिसके लिए अपहरण की तैयारी की गई? साथ ही उन्होंने मांग की कि जांच एजेंसियां यह भी स्पष्ट करें कि आरोपी जिस “सर” से बातचीत कर रहे थे, वह कौन था। कांग्रेस ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रभावशाली लोगों का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद महिला अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। पार्टी के अनुसार प्रदेश में हर तीन घंटे में एक महिला दुष्कर्म का शिकार हो रही है, जबकि नाबालिग बच्चियों के साथ अत्याचार की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।
महिलाओं और युवतियों के लापता होने के मामलों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं और बेटियां गायब हो रही हैं। राजधानी सहित कई जिलों में बढ़ते गुमशुदगी के मामले कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के बजाय दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ता है। अंबिकापुर गैंगरेप मामले का उल्लेख करते हुए पार्टी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई में देरी से जनता में भारी आक्रोश है। पत्रकार वार्ता में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता सामी, पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, आदि नेतागण उपस्थित रहे।

Chhattisgarh