छत्तीसगढ़ में फैल रहा ड्रग्स का जाल : पंजाब से 97 ग्राम हेरोइन तस्करी लेकर पहुंचे 5 लोगों को बिलासपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में फैल रहा ड्रग्स का जाल : पंजाब से 97 ग्राम हेरोइन तस्करी लेकर पहुंचे 5 लोगों को बिलासपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 13 मई । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने पंजाब से हेरोइन तस्करी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। मंगलवार को पुलिस ने घेराबंदी कर 97 ग्राम हेरोइन के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कार, स्कूटी, 5 मोबाइल और 57 हजार 800 रुपए नकद जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी पंजाब के अमृतसर और तीन मुंगेली के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार क्रमांक CG 22 AB 5247 में कुछ लोग हेरोइन की खेप लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने जब संदिग्ध कार की तलाशी ली तो उसमें बैठे पांच युवक घबराए हुए नजर आए और पूछताछ में गोलमोल जवाब देने लगे। कार में रखे बैग की जांच करने पर एक बोतल में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब बताया। दोनों आरोपी पंजाब से हेरोइन लेकर बिलासपुर पहुंचे थे। वहीं मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक इस खेप के खरीदार बताए जा रहे हैं।

आरोपी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हेरोइन की सप्लाई करने की तैयारी में थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है।

Chhattisgarh