कवर्धा(अमर छत्तीसगढ़) 22 मई । छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला-दलदली मार्ग स्थित दैहान के पास के तेंदूपत्ता से भरी एक वाहन हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई। तार के संपर्क में आते ही वाहन में अचानक भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।
मिली जानकारी के अनुसार, वाहन दलदली क्षेत्र से तेंदूपत्ता भरकर बोड़ला संग्रहण केंद्र की ओर आ रही थी। इसी दौरान दैहान के पास सड़क किनारे झूल रहे हाई टेंशन तार की चपेट में वाहन आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन जलकर खाक हो गया।
घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन को जानकारी दी। नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारण कुछ समय तक मार्ग में आवागमन भी प्रभावित रहा।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में बिजली तारों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

