अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ़) 23 मई । छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी ही 11 साल की नाबालिक बेटी के साथ गलत काम करने का आरोप लगा है। बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी महिला संबंधी अपराध में जेल जा चुका है। घटना सामने आने के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नाबालिग बच्ची ने अपनी मां को बताया कि उसके पिता ने उसके साथ गलत हरकत की है। बच्ची की बात सुनने के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी महिला संबंधी अपराध में सजा काट चुका है। घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इधर अंबिकापुर वकील एसोसिएशन ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी की पैरवी नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

