अवैध खनिज परिवहन पर एक्शन : रेत और मुरूम से भरे 8 हाइवा वाहन खनिज विभाग ने किए जब्त

अवैध खनिज परिवहन पर एक्शन : रेत और मुरूम से भरे 8 हाइवा वाहन खनिज विभाग ने किए जब्त

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 24 मई । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जिले में अवैध रेत, मुरूम और गिट्टी के परिवहन के खिलाफ रविवार तड़के जिला खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 4 बजे अभनपुर-नवापारा क्षेत्र में अभियान चलाकर 8 हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को उपरवारा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

क्षेत्र में लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि प्रतिबंधित समय के बावजूद भारी वाहन देर रात और तड़के शहर के अंदर से गुजर रहे हैं। लगातार रेत से भरे हाइवा गुजरने के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभनपुर और नवापारा इलाके में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हो चुके हैं।

खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद अवैध परिवहन थमने का नाम नहीं ले रहा है। बताया जा रहा है कि धमतरी जिले से आने वाले कई वाहन रायपुर क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि अलग-अलग जिलों का मामला बताकर कई बार कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है, जिसका फायदा अवैध कारोबार से जुड़े लोग उठा रहे हैं।

जिला खनिज विभाग के उप संचालक राजेश मालवे के निर्देश और अधिकारियों की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 8 हाइवा वाहन जब्त किए गए। इनमें 5 वाहन अवैध रेत परिवहन, 2 वाहन मुरूम और 1 वाहन गिट्टी ले जाते हुए पकड़ा गया। विभाग ने संकेत दिए हैं कि अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी

Chhattisgarh