सुशासन तिहार में बवाल : कांग्रेस नेता शुक्ला और BJP विधायक कौशिक के बीच तीखी नोकझोंक

सुशासन तिहार में बवाल : कांग्रेस नेता शुक्ला और BJP विधायक कौशिक के बीच तीखी नोकझोंक

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 30 मई । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र के गोढ़ी गांव में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों पक्षों के बीच विवाद का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रशासनिक अधिकारी स्थिति संभालते दिखाई दे रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार के शिविर के दौरान राजेंद्र शुक्ला ने माइक लेकर ग्रामीणों से पानी, बिजली, सड़क, खाद-बीज और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर उनकी समस्याओं और आवेदनों के निराकरण की जानकारी लेना शुरू किया और अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। इस बीच कई विभागों की योजनाओं और कार्यों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखनी शुरू कर दी, जिससे माहौल गरमा गया और दोनों पक्षो में जमकर बहसबाजी शुरू हो गई।

राजेंद्र शुक्ला अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ सुशासन तिहार के नाम पर ढकोसला बंद करो के नारे लगाते हुए शिविर से बाहर निकलकर कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने आरोप लगाया है कि वे जनता की समस्याओं पर सवाल उठा रहे थे तो उनका माइक बंद कर दिया गया। समाधान शिविर में लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा था और जवाब मांगने पर उन्हें बोलने से रोकने की कोशिश की गई।

इधर विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक ने कहा कि जब वे शिविर में पहुंचे तब राजेंद्र शुक्ला अधिकारियों से ऊंची आवाज में बात करते हुए सवाल कर रहे थे। सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का निराकरण करना है। शिविर में सभी को आने और अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है।

Chhattisgarh