रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 3 जुन । छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित CGPSC भर्ती घोटाले की जांच तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बुधवार सुबह राजधानी रायपुर और दुर्ग जिले के भिलाई में दबिश दी। भिलाई के सेक्टर-10 स्थित पूर्व CGPSC सचिव जीवन किशोर ध्रुव (जेके ध्रुव) के निवास पर सुबह से छापेमारी की कार्रवाई जारी है। मौके पर ED अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ के जवान भी तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय की टीम चार सफेद रंग की इनोवा वाहनों में सवार होकर सुबह करीब 6 बजे इस्पात नगरी भिलाई पहुंची। इसके बाद टीम ने सेक्टर-10, स्ट्रीट नंबर-44 स्थित जेके ध्रुव के निवास पर जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी में आधा दर्जन से अधिक ED अधिकारी शामिल हैं।
जांच एजेंसी घर के भीतर मौजूद दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआरपीएफ जवानों को भी तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई CGPSC भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। इस मामले में पहले भी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा जेके ध्रुव के निवास पर छापेमारी की गई थी। अब प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग और आर्थिक अनियमितताओं के पहलुओं की जांच कर रहा है।
पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव का नाम CGPSC भर्ती घोटाले की जांच में सामने आने के बाद वे लगातार जांच एजेंसियों के रडार पर रहे हैं। CBI की कार्रवाई के बाद अब ED की छापेमारी को मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

