कवर्धा(अमर छत्तीसगढ़) 7 जुन । छत्तीसगढ़ के कवर्धा-रायपुर राष्ट्रीय मार्ग पर ग्राम पनेका के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मजदूरों से भरी एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के स्टेरिंग में अचानक खराबी आने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 से 60 मजदूर सवार थे, जो कवर्धा, बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र के निवासी हैं तथा रोजगार के लिए दिल्ली रवाना हुए थे। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि जिस स्थान पर बस पलटी, वहां सड़क किनारे गड्ढा होने के कारण मजदूर बस अंदर से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसा नहीं रहता तो बड़ा हादसा और भारी जनहानि हो सकती थी।
इस दुर्घटना में कई मजदूर घायल हुए हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त बस नफीस बस सर्विस की बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

