रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 10 जुन । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बीरगांव के रावाभाठा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन ने बीरगांव में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया था, जिसका विरोध करने कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच गए। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड के पास कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकते हुए स्थिति संभाली। तनाव बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।
प्रदर्शन के दौरान रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे, स्थानीय पार्षदों और अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रदर्शन हुआ। इस दौरान विधायक के काफिला भी रोकने का प्रयास किया गया, हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर आवागमन सामान्य कराया।

