(धनराज जैन)
बेलगांव(अमर छत्तीसगढ़) 15 जुन । खरीफ सीजन की शुरुआत के बावजूद किसानों को डीएपी एवं यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों में भारी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव के नेतृत्व में किसानों ने बैलगाड़ी एवं ट्रैक्टर के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने आरोप लगाया कि जिले की अधिकांश सहकारी समितियों में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है, जबकि निजी व्यापारियों के पास पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण है। किसानों को डीएपी एवं यूरिया खाद निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महेन्द्र यादव ने कहा कि जब-जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब-तब किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। पहले धान खरीदी में किसानों को परेशान किया गया और अब खाद की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, जबकि बड़े व्यापारियों और उद्योगपतियों के पास खाद का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने ट्रैक्टर को रस्सी से खींचते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की तथा फांसी का फंदा लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि बुवाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन उन्हें न तो पर्याप्त डीएपी एवं यूरिया खाद मिल रही है और न ही खेती के लिए आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था हो पा रही है।
किसानों ने अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो खेती-किसानी पर गहरा संकट खड़ा हो जाएगा और हजारों किसान प्रभावित होंगे।
महेंद्र यादव ने कहा कि किसानों को समय पर डीएपी एवं यूरिया खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि जल्द ही खाद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी तो किसानों के साथ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर होमदत्त वर्मा, मोती वर्मा, दयालु वर्मा, मोरध्वज वर्मा, नरसिंह वर्मा, भागी चंद्रवंशी,द्वारिका सिन्हा, पवन साहू, जयचंद ठाकुर, फगुवा वर्मा, ईश्वरी वर्मा, धरम वर्मा, बिसराम वर्मा,सलीम खान,नरेंद्र वर्मा, देवेंद्र लिल्हारे, कला यादव,निर्मल सिन्हा, खिलेश्वर वर्मा, विष्णु वर्मा, उज्जवल निर्मलकर, हिमांशु निर्मलकर,महेश पटेल,अनिल वर्मा,नोहर वर्मा, जयचंद साहू,हेमंत वर्मा ,हुकुम साहू,नरोत्तम वर्मा भागी चंद्रवंशी,सहित डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। धनराज जैन बेलगांव

