रायपुर/अहमदाबाद (अमर छत्तीसगढ़) 15 जुन।
गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित भव्य “जैन टैलेंट अवार्ड्स 2026”में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का गौरव बढ़ा है। देश की सर्वोच्च अदालत (Supreme Court of India) में वकालत कर रहीं रायपुर के डी.डी. नगर निवासी श्री शिरीष जैन एवं श्रीमती स्मिता जैन की सुपुत्री अधिवक्ता शैली जैन (B.A. LL.B., LL.M.) को इस राष्ट्रीय समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित और सम्मानित किया गया।
वे इस प्रतिष्ठित मंच पर सबसे युवा आमंत्रित अतिथियों में से एक रहीं, जो पूरे जैन समाज और छत्तीसगढ़ के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
जैन समाज की सबसे युवा महिला अधिवक्ताओं में अपनी पहचान बनाने वाली शैली जैन को यह सम्मान समाज और न्याय क्षेत्र में उनके बढ़ते कदमों व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने पर दिया गया।
120 से अधिक प्रतिभाओं को शैली जैन के हाथों मिला सम्मान
इस भव्य आयोजन की खास बात यह रही कि मंच पर सबसे युवा अतिथि होने के बावजूद अधिवक्ता शैली जैन को देश भर से आए विभिन्न क्षेत्रों के 120 से अधिक प्रतिभाशाली और सफल व्यक्तित्वों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इतने बड़े राष्ट्रीय मंच पर सफल व्यक्तित्वों का सम्मान करना और उनके साथ मंच साझा करना रायपुर और पूरे समाज के लिए अत्यंत हर्ष का विषय रहा।
प्रतिबद्धता और आभार:
इस गौरवपूर्ण अवसर पर अपनी प्रसन्नता और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अधिवक्ता शैली जैन ने कहा:
“अहमदाबाद के इस प्रतिष्ठित मंच पर विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित होना मेरे लिए अत्यंत गर्व और भावुक करने वाला क्षण है। इतने प्रतिभाशाली लोगों के साथ मंच साझा करना एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। मैं जैन टैलेंट ब्रिज (Jain Talent Bridge) का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने का यह सराहनीय कार्य किया है। यह सम्मान मुझे समाज के उत्थान, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।”
इस उपलब्धि पर रायपुर के जैन समाज, प्रबुद्ध जनों और स्थानीय निवासियों ने अधिवक्ता शैली जैन और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

