रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 15 जून 2026।
छत्तीसगढ़ राज्य अधिवक्ता परिषद के सदस्यों ने आज 14 जून 2026 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान अधिवक्ता समुदाय की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। राज्य में लंबे समय से अधिवक्ताओं द्वारा अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किए जाने की मांग की जा रही थी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिवक्ताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
छत्तीसगढ़ राज्य अधिवक्ता परिषद के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े अन्य विषयों से भी अवगत कराया और सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र पराशर, अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रशांत प्रभात तिवारी एवं परिषद के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री द्वारा अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने के संबंध में दिए गए आश्वासन का स्वागत करते हुए इसे अधिवक्ता समुदाय के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

