विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के बयान पर भूपेश का पलटवार : बघेल बोले- बीजेपी का 90% स्ट्राइक रेट नहीं, वह कर रही लोकतंत्र की डकैती

विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के बयान पर भूपेश का पलटवार : बघेल बोले- बीजेपी का 90% स्ट्राइक रेट नहीं, वह कर रही लोकतंत्र की डकैती

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 16 जुन । पूर्व सीएम और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के तंज कसा था। इस पर पलटवार करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा की चुनावी जीत और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, वहां भाजपा की जीत का प्रतिशत करीब 90 फीसदी तक पहुंच गया। बघेल ने इसे ‘चोरी नहीं, लोकतंत्र की डकैती’ करार दिया है।

श्री बघेल ने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा को मिली सफलता सामान्य राजनीतिक परिस्थितियों में संभव नहीं दिखती।

उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. रमन सिंह जब मुख्यमंत्री थे और लोकप्रिय भी थे, तब भी उन्हें ऐसा स्ट्राइक रेट नहीं मिला था। यह ‘चोरी नहीं, लोकतंत्र की डकैती’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में मतदाताओं की भूमिका कमजोर की जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि, पहले मतदाता सरकार चुनते थे, लेकिन अब सरकारें ही निर्वाचन आयोग की प्रक्रियाओं के जरिए यह तय करने की कोशिश कर रही हैं कि कौन मतदाता रहेगा और कौन नहीं। यह कोई सामान्य राजनीतिक जीत नहीं है, बल्कि लोकतंत्र के साथ डकैती जैसी स्थिति है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूची में सुधार और दूसरी प्रक्रियाओं के जरिए चुनावी नतीजों को प्रभावित किया जा रहा है।

भूपेश बघेल ने ईवीएम मशीनों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 4 हजार ईवीएम मशीनों के नष्ट होने की खबरें सामने आई हैं, जो गंभीर जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर ईवीएम से जुड़ी घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती हैं।

Chhattisgarh