बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 16 जुन । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस और रेलवे की संयुक्त टीम ने अवैध कबाड़ के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कबाड़ कारोबारी इमरान कुरैशी के ठिकाने पर आधी रात को छापेमारी की। इस दौरान रेलवे संपत्ति से जुड़े लोहे के पार्ट्स, रेल लाइन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य कबाड़ सामग्री जब्त की है।
पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं 83 क्विंटल कबाड़ जब्त की है, जिसकी कीमत 14 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, आमापारा निवासी इमरान कुरैशी अपनी दुकान में चोरी का कबाड़ गाड़ियों में लोड करवा रहा है। जिसमें बड़ी मात्रा में रेलवे की संपत्ति भी है।
इस मामले की खबर मिलते ही बिल्हा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने रेलवे सुरक्षा विभाग के साथ एक संयुक्त टीम बनाई, जिसके बाद छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। लेकिन, टीम ने घेराबंदी कर वहां मौजूद सभी 7 आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने कबाड़ दुकान और वहां खड़ी छोटा हाथी सीजी 10 बीपी 3903 और पिकअप सीजी 10 बीजेड 1208 गाड़ी, गोदाम के भीतर जांच की।
इस दौरान 83 क्विंटल लोहा जिसमें रेलवे लाइन के लोहे के लाइनर और चाबियां, लोहे के भारी एंगल, प्लेट, छड़ और पाइप, कांटा तार और चोरी के कई घरेलु सामान बरामद हुई। जब्त लोहे की कीमत 14 लाख 25 रुपए बताई जा रही है।

