कोरिया(अमर छत्तीसगढ़) 17 जुन । छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में देर रात हुई सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। ग्राम नौगई में सड़क किनारे खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार में अचानक भीषण आग लग गई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रेत के विवाद को लेकर ठेकेदार और उसके भाई को कार में जिंदा जला दिया गया। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन प्रभारी बबलू प्रसाद के नेतृत्व में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब कार का दरवाजा खोला गया तो अंदर एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। वहीं दो अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक भरत सिंह स्थानीय भाजपा नेता और रेत कारोबार से जुड़े ठेकेदार थे, जबकि नागेंद्र सिंह पेशे से शिक्षक थे।
दोनों आपस में भाई बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि रेत के कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। सरगुजा रेंज के आईजी भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस हादसे और किसी संभावित साजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

