बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ़) 20 जुन । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार को ACB- EOW की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई शहर के कान्हा विहार स्थित कारोबारी अहिंदर के निवास सहित उससे जुड़े अन्य स्थानों पर की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई घंटों तक दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ACB और EOW की टीम सुबह ही कान्हा विहार पहुंच गई थी। अधिकारियों ने कारोबारी से पूछताछ करने के साथ-साथ उसके वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। दोपहर तक चली इस कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में भी काफी हलचल देखने को मिली।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों ने कारोबारी के आय-व्यय, व्यवसायिक गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत पड़ताल की। जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां इस कार्रवाई के दौरान छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर कारोबारी के विभिन्न लेनदेन और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।

