दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 20 जुन । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में निवेश पर तगड़ा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठने वाले पति-पत्नी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक महिला से 25 लाख रुपये ठग लिए, वहीं उसकी सहेली के करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने भी अपने नाम पर गिरवी रखकर रकम निकाल ली। पुलिस ने दोनों को 29 दिन की तलाश के बाद दबोचा है।
पुलिस के अनुसार पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह खुद को फाइनेंशियल एक्सपर्ट बताकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने फातिमा अहमद उर्फ स्वाती को कम समय में ज्यादा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। शुरुआत में कुछ लाभ दिखाकर विश्वास जीता और फिर धीरे-धीरे उनसे करीब 25 लाख रुपये निवेश के नाम पर ले लिए।
यही तरीका अपनाते हुए आरोपियों ने फातिमा की सहेली रजनी बारसकर को भी अपने जाल में फंसा लिया। निवेश और आर्थिक मदद के नाम पर लिए गए सोने के गहनों को भिलाई स्थित एक गोल्ड फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये हासिल कर लिए। जब पीड़ित महिलाओं ने अपने पैसे और गहनों की मांग की तो आरोपी बहाने बनाने लगे। कुछ समय बाद दोनों अचानक फरार हो गए। इसके बाद 21 मई को जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार 29 दिनों की जांच के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि दंपती के झांसे में सिर्फ दो महिलाएं ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोग भी आए हैं। ऐसे में ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की आशंका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।

