दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 21 जुन । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्टेपनी टायर के अंदर गांजा छिपाकर तस्करी की जा रही थी। जामुल पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, पिकअप, 4 फोन और कैश जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 17 लाख 72 हजार रुपए बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, घासीदास नगर मैदान में खड़ी एक सफेद रंग की पिकअप क्रमांक CG 07 CZ 8442 में गांजा रखा गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान पिकअप में तीन युवक बैठे मिले। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को प्लास्टिक कैरेट के बीच दो स्टेपनी टायर रखे मिले। टायरों पर शक होने के बाद पुलिस ने ऑटो मिस्त्री को बुलाकर दोनों टायर खुलवाए।

जांच में सामने आया कि दोनों टायरों के अंदर पैकेट बनाकर गांजा छिपाया गया था। पुलिस की जांच में एक टायर से 16 पैकेट और दूसरे से 15 पैकेट समेत 15 किलो 500 ग्राम गांजा मिला। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बिक्री रकम के 2 हजार रुपए, चार मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप भी जब्त किया है। जिसकी कुल कीमत 17 लाख 72 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मामले में आकाश जांगड़े (18), निवासी बागडूमर थाना नंदिनी जिला दुर्ग, मुकेश कुमार सेन (22), निवासी अटल आवास घासीदास नगर और टिकेश्वर यादव (18), निवासी साडा क्वार्टर ब्लॉक-डी घासीदास नगर जामुल को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

