राजनांदगाँव(अमर छत्तीसगढ़) 21 जुन । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ज्ञान मानसरोवर, राजनांदगाँव में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने भाग लेकर योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश ग्रहण किया।
योगाचार्य डॉ. रामभगत सोनकर एवं इंजीनियर तरुण साहू ने सभी को कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही वज्रासन, मंडूकासन, वृक्षासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उपस्थित भाई-बहनों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया और नियमित रूप से योग को जीवनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया. सेवाकेंद्र संचालिका राजयोगिनी पुष्पा दीदी जी ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि मन की शांति, आत्मिक सशक्तिकरण और सकारात्मक जीवन दृष्टि का आधार भी है। उन्होंने सभी को योग एवं राजयोग ध्यान को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, मानव कल्याण एवं स्वस्थ समाज की मंगलकामनाओं के साथ किया गया। योग दिवस के इस आयोजन ने सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और आध्यात्मिक उन्नति का संदेश प्रदान किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी प्रभा बहन जी , पूनम बहन जी ,अंजली बहन जी लोकिता बहन जी , महिमा बहन जी , लोकेश्वरी बहन जी , ब्रह्माकुमार मुरलीधर सोमानी भाई , भूपेन्द्र भाई,अर्जुन भाई , द्वारिका भाई , रुपेश्वर भाई , कमलेश भाई , मोरध्वज भाई , झालम भाई , राजू भाई सहित अनेक भाई बहनें उपस्थित थे.


