रेत विवाद के जघन्य हत्याकांड के बाद जागा प्रशासन : रेड मारकर एक दर्जन से अधिक वाहनों को किया जब्त

रेत विवाद के जघन्य हत्याकांड के बाद जागा प्रशासन : रेड मारकर एक दर्जन से अधिक वाहनों को किया जब्त

कोरिया(अमर छत्तीसगढ़) 22 जुन । छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत के अवैध कारोबार को लेकर उपजे विवाद ने उस समय भयावह रूप ले लिया, जब कथित तौर पर तीन लोगों को कार में पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया गया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद जिले में अवैध खनिज कारोबार एक बार फिर सुर्खियों में है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश पर खनिज विभाग, उड़नदस्ता दल और पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई में जुटे हुए हैं।

रेत विवाद से जुड़े इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने खनिज विभाग को कड़े निर्देश देते हुए अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती बरतने को कहा है। इसके बाद खनिज विभाग और उड़नदस्ता टीम दिन-रात कार्रवाई कर रही है।

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस के सहयोग से लगातार जांच और नाकेबंदी की जा रही है। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे एक दर्जन से अधिक वाहनों को जब्त किया गया है।

इन वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों में सुपुर्द कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि केवल रेत ही नहीं, बल्कि कोयला, गिट्टी, मुरूम और ईंट के अवैध परिवहन पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

जिला खनिज अमले के साथ-साथ केंद्रीय खनिज टीम भी इन दिनों जिले में सक्रिय है और अवैध खनिज कारोबार पर नजर बनाए हुए है। लगातार हो रही कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सख्ती लंबे समय तक जारी रहेगी और जिले में अवैध खनिज कारोबार पर स्थायी रूप से लगाम लग पाएगी, या फिर कुछ समय बाद हालात पहले जैसे हो जाएंगे।

फिलहाल प्रशासन अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा कर रहा है। लेकिन रेत विवाद से जुड़े इस जघन्य हत्याकांड ने यह जरूर साबित कर दिया है कि अवैध खनिज कारोबार अब केवल राजस्व का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और जन सुरक्षा का भी गंभीर विषय बन चुका है।

Chhattisgarh