नियमों की अनदेखी पड़ी भारी : रायपुर में ब्लिंकिट का ऑफिस नगर निगम ने किया सील

नियमों की अनदेखी पड़ी भारी : रायपुर में ब्लिंकिट का ऑफिस नगर निगम ने किया सील

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 25 जुन । लखनऊ में हुई आगजनी की घटना के बाद देशभर में फायर सेफ्टी और भवन नियमों को लेकर जांच और कार्रवाई का दौर जारी है। इसी कड़ी में रायपुर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लिंकिट के एक ऑफिस को सील कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित परिसर में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था। निगम अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि जिस भवन में कार्यालय संचालित हो रहा था, वह पूरी तरह तैयार नहीं है, इसके बावजूद वहां कमर्शियल एक्टिविटीज जारी थीं। जांच में यह भी सामने आया कि परिसर में फायर सेफ्टी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।

इसके अलावा कर्मचारियों और अन्य वाहनों की पार्किंग सड़क पर की जा रही थी, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। नगर निगम को इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कार्यालय को सील करने की कार्रवाई की।

अधिकारियों का कहना है कि शहर में संचालित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और वैधानिक मानकों के पालन की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Chhattisgarh