म्यूल खाता देने वालों पर एक्शन : पुलिस ने 23 आरोपियों को किया गिरफ्तार, मोबाइल-एटीएम कार्ड समेत दस्तावेज जब्त

म्यूल खाता देने वालों पर एक्शन : पुलिस ने 23 आरोपियों को किया गिरफ्तार, मोबाइल-एटीएम कार्ड समेत दस्तावेज जब्त

दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 30 जुन । छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े 23 लोगों पर कार्रवाई की है। आरोप है कि ये लोग साइबर ठगों को अपने और दूसरे लोगों के बैंक खाते इस्तेमाल करने के लिए देते थे, ताकि ठगी के पैसे आसानी से एक खाते से दूसरे खाते में भेजे जा सकें।

पुलिस ने 15 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि 8 को नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। आरोपियों के पास से मोबाइल, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड और बैंकिंग से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने बैंक खातों की जानकारी, तकनीकी इनपुट और अन्य सबूतों के आधार पर जांच की। जांच में पता चला कि कुछ लोग कमीशन के बदले साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते मुहैया कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था। जांच में सामने आया कि साइबर ठगी से मिले पैसे सबसे पहले इन म्यूल अकाउंट्स में जमा कराई जाती थी।

इसके बाद आरोपी इस रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे, ताकि असली साइबर ठगों तक पुलिस की पहुंच मुश्किल हो जाए। पुलिस अब ऐसे बैंक खाते मुहैया कराने वालों पर भी कड़ी नजर रख रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 23 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में कई आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को मुहैया कराने की बात स्वीकार की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल देशभर में हुई कितनी साइबर ठगी की वारदातों में किया गया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड, 3 बैंक पासबुक, 3 आधार कार्ड, 3 चेकबुक और बैंकिंग से जुड़े कई अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है।

Chhattisgarh