बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 30 जुन । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। नगर निगम के पूर्व संपदा अधिकारी राजेश देवांगन का करीब 2 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तत्कालीन महापौर रामशरण यादव के 1.15 करोड़ लेने का दावा किया जा रहा है।
वहीं पूर्व संपदा अधिकारी ने RTI एक्टिविस्ट और जांजगीर-चांपा से भाजपा सांसद कमलेश जांगड़े के प्रतिनिधि अनुभव तिवारी पर ब्लैकमेल कर 50 लाख मांगने के आरोप लगाए हैं। पूर्व संपदा अधिकारी ने कहा कि फर्जी शिकायत की पहले ही जांच हो चुकी है। जांच में उसे आधारहीन माना गया था। वहीं, अनुभव की शिकायत को भी पुलिस ने पहले ही खारिज कर दिया था।
आरोप है कि गणेश ट्रेडर्स को नियमों के खिलाफ टेंडर दिलाने के बदले 1 करोड़ 15 लाख रुपए का लेन-देन हुआ था। वायरल वीडियो में पूर्व संपदा अधिकारी राजेश देवांगन कथित तौर पर इस लेन-देन का जिक्र करते नजर आ रहे हैं।

पूर्व संपदा अधिकारी ने इस वीडियो को एडिटेड बताया है। उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ वे केस करेंगे। इधर, वीडियो वायरल होने के बाद राजेश देवांगन को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही अपर आयुक्त ने जांच कमेटी भी बनाई है। वहीं, पूर्व मेयर रामशरण यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।

